कांग्रेस राज्य गठन की 25 वीं वर्षगांठ पर मनाएगी रजत जयंती वर्ष पखवाड़ा, 1 नवंबर से 14 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रमों की घोषणा की

नौ नवम्बर को को कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में होगी भव्य आतिशबाजी

देहरादून: उत्तराखंड राज्य निर्माण की 25 वीं वर्षगांठ पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्य में राज्य निर्माण रजत जयंती पखवाड़ा मनाने का निर्णय लिया है।  एक नवंबर से लेकर चौदह नवंबर तक पार्टी की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ।

कांग्रेस पार्टी के मुताबिक पार्टी के वरिष्ठ नेता एक नवंबर को शहीद स्थल पर पहुंचेंगे, और राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे । दो नवंबर को पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष ब्लॉकों में विकास गोष्ठियां आयोजित कर राज्य की राजनैतिक सामाजिक स्थितियों व विकास पर चर्चा करेंगे।

तीन नवंबर को जिला कांग्रेस कमेटियां अपने जिलों के अस्पतालों में भर्ती रोगियों को फल वितरित करेंगे, उसके बाद विचार गोष्ठी आयोजित करेंगे।  तीन व चार नवंबर को विशेष सत्र मे कांग्रेस विधानमंडल दल प्रतिभाग करेगा, और कांग्रेस की तरफ से अपना पक्ष रखेगा, जिसमें सभी विधायक भाग लेंगे।

पांच नवंबर को पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता मुजफ्फरनगर स्थित रामपुर तिराहा में  शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ संगठन उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने बताया कि सात नवंबर को देहरादून में एक विचार सम्मेलन आयोजित किया जाएगा ,जिसमें पार्टी के प्रमुख नेता अपने वक्तव्य रखेंगे।

उन्होंने बताया  कि आठ नवंबर को प्रदेश में इन पच्चीस सालों के दौरान सत्ता मे आसीन रही सरकारों की उपलब्धियों पर प्रदर्शनी लगायी जाएगी। नौ नवम्बर को राज्य निर्माण की रजत जयंती पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में सवेरे ग्यारह बजे केक काटकर पार्टी प्रदेश मुख्यालय समेत सभी जिलों महानगरों में आतिशबाजी के साथ राज्य निर्माण की खुशियां मनाई जाएगी। ग्यारह नवंबर से चौदह नवंबर तक राज्य की सभी 70 विधानसभाओं में जय उत्तराखंड जय भारत तिरंगा यात्रा निकालने के साथ जनता से संवाद स्थापित किया जायेगा व आमजनमानस के साथ राज्य के हालात व भावी योजनाओं पर विचार विमर्श किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *