देहरादून में यातायात और जनसुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। तीसरी बार भी हाईकोर्ट से राहत न मिलने के बाद जिलाधिकारी ने कार्रवाई को यथावत रखते हुए शहर की 6 शराब की दुकानों को सील कर दिया है।
ये सभी दुकानें शहर के व्यस्त और संवेदनशील इलाकों – चुना भट्टा, सर्वे चौक, बिंदाल पुल और जीएमएस रोड क्षेत्र में स्थित थीं। इन दुकानों को बार-बार आदेश देने के बावजूद निर्धारित समयसीमा में स्थानांतरित नहीं किया गया, जिससे ये यातायात में बाधा और दुर्घटनाओं का कारण बन रही थीं।

स्थानीय जनता द्वारा लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने इन दुकानों को सील करने का निर्णय लिया। इससे पहले भी जिलाधिकारी ने इस मामले में लापरवाही बरतने पर जिला आबकारी अधिकारी को निलंबित कर दिया था।
प्रशासन की यह सख्त कार्रवाई साफ संकेत देती है कि जनहित के मामलों में अब लापरवाही नहीं चलेगी।

