पति अपनी पत्नी पर गुस्से में तान देता था बंदूक; डीएम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए लाइसेन्स किया निलंबित; शस्त्र किया ज़ब्त

देहरादून : पति अपनी पत्नी पर बात बात पर बंदूक तान देता था। जिसके बाद डीएम सविन बंसल के सामने  दुखी महिला ने गुहार लगाई थी, जिस पर डीएम ने संबंधित का लाइसेन्स निलंबित करते हुए शस्त्र ज़ब्त करने के निर्देश पुलिस को दिए हैं। जिला प्रशासन ने लाइसेन्स निलंबित करते हुए शस्त्र लाइसेन्स निरस्तीकरण की प्रकिया शुरू कर दी है। कूटरचित दस्तावेजों से शस्त्र लाइसेंस प्राप्त करने की भी है शिकायत पर अब लाइसेंस निरस्तीकरण किया जाएगा। जिलाधिकारी सविन बंसल के सामने शिखा ने प्रार्थना पत्र देकर गुहार लगाई कि उसका पति यश यादव आये दिन उसे डराता धमकाता है। दहेज की मांग करता, शस्त्र से डराता है। लोक शान्ति, पारिवारिक सुरक्षा की व्यवस्था एवं सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डीएम ने पति के शस्त्र लाइसेंस को निलम्बित कर दिया है। जिन शर्तों के तहत लाईसेन्स प्रदान किया गया था, महिला का पति लगातार इसका उल्लंघन कर रहा था। जिलाधिकारी ने पीड़ित पत्नी की शिकायत और तथ्यों के आधार पर यश यादव पुत्र रविन्द्र सिंह यादव, निवासी मौहल्ला बंशीगौरा, मैनपुरी, थाना कोतवाली जनपद मैनपुरी हाल निवासी चौ० भूपसिंह कोल्ड स्टोरेज प्रा०लि० कुरावली रोड़ मैनपुरी उ०प्र० को स्वीकृत शस्त्र लाईसेंस सख्या-311/थाना नेहरू कॉलोनी / देहरादून, एन.पी.बोर. रिवाल्वर / पिस्टल UIN 336261002327282019 को जनहित के दृष्टिगत तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया है, इस मामले में नेहरू कॉलोनी थानाध्यक्ष को भी निर्देशित किया है कि वह विपक्षी का शस्त्र राज्य सरकार के पक्ष में जब्त करते हुए पुलिस अभिरक्षा में रखे।विपक्षी को आदेश के सापेक्ष अपना पक्ष 15 दिन के भीतर प्रस्तुत करने का अवसर दिया है।इसको लेकर नोटिस जारी किया गया है कि क्यों न शस्त्र लाईसेंस को अन्तिम तौर पर निरस्त कर दिया जाये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *