देहरादून : उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर गुरुवार को सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून सीमा डुंगराकोटी द्वारा सेफ ड्रग्स सेफ लाइफ कैंपेन के तहत ड्रग विभाग के साथ देहरादून में शिमला बाईपास रोड, जीएमएस रोड, बल्लूपुर रोड एवं कौलागढ़ रोड क्षेत्र के विभिन्न मेडिकल स्टोरों का संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया गया। टीम में मनेन्द्र सिंह राणा औषधि निरीक्षक ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन, विनोद जगुडी एवं निधि रतूडी आरक्षी, औषधि निरीक्षक ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन देहरादून शामिल रहे।
इस दौरान मेडिकल स्टोरों में कई कमियां पायी गयी, जिसमें न्यू खालसा मेडिकल स्टोर और हेल्थ केयर फॉर्मेसी, शिमला बाईपास रोड, देहरादून में अत्यधिक गंदगी व एक्सपायर दवाईएं पाई गयी। इन दोनों स्टोरों को चेतावनी दी गई व स्टोर में पायी गयी कमियों को दूर करने के को कहा गया। मौके पर ही दोनों स्टोरों को बंद करा दिया गया।
नेगी मेडिकोज फॉर्मेसी, जी०एम०एस० रोड, निरंजनपुर, साईराम मेडिकल स्टोर, बल्लूपुर रोड, और मधु ब्रदर्स , कौलागढ रोड, देहरादून में निरीक्षण के दौरान मौके पर फॉर्मासिस्ट मौजूद नहीं पाये गए। दवाईयों के कय-विक्रय रजिस्टर व दवाईयों के स्टोरेज के सम्बंध में कमियों को दूर करने के जरूरी दिशा-निर्देश दिये गए, औषधि विभाग की टीम ने तीनों स्टोरों को मौके पर ही बंद करा दिया।
मिस्टर केयर फॉर्मेसी, जी०एम०एस० रोड और टाटा 1 एम०जी०, कौलागढ रोड, देहरादून के स्टोर का भी निरीक्षण किया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गए।
गौरतलब है कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून की ओर से प्रत्येक माह इसी प्रकार ड्रग विभाग के साथ संयुक्त निरीक्षण किया जाता है, व साधारण अनियमितताएं पाने पर स्टोर संचालकों को चेतावनी दी जाती है। मेडिकल स्टोरों पर यदि अत्यधिक अव्यवस्था व अनियमितता पाई जाती है तो फिर स्टोर को बंद करने की कार्रवाई भी की जाती है।

