देहरादून : कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को विजय कॉलोनी वार्ड अंतर्गत नीलकंठ विहार और दून विहार क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री जोशी ने बारिश से प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जलभराव, क्षतिग्रस्त मार्गों और जल निकासी की दिक्कतों का जल्द समाधान किया जाए। साथ ही क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों के निर्माण कार्य को भी जल्दी पूरा कर लिया जाए। मंत्री गणेश जोशी ने दून विहार क्षेत्र में बारिश से प्रभावित लोगों को राहत स्वरूप तात्कालिक सहायता राशि के चेक भी वितरित किए। इनमें सुनीता देवी और प्रमिला चौहान को 6500-6500 रुपये व चन्दन सिंह बिष्ट को 13000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की। इस मौके पर मंत्री जोशी ने कहा कि प्रदेश सरकार आपदा की हर घड़ी में आमजन के साथ है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहते हुए राहत कार्यों को युद्ध स्तर पर जारी रखने के के लिए भी कहा। इस दौरान मण्डल अध्यक्ष प्रदीप रावत, मण्डल महामंत्री भावना चौधरी, संजय नौटियाल, दीपक बहुखंडी, कविता तड़ियाल, कुसुम रावत समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
भारी बारिश से प्रभावित दून विहार और नीलकंठ विहार क्षेत्र का कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया निरीक्षण, पीड़ितों को राहत राशि के चैक बांटे

