देहरादून :भारत मौसम विज्ञान विभाग एवं नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार दिनांक 10 जुलाई 2026 को जनपद देहरादून में कहीं-कहीं भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, आकाशीय बिजली तथा तेज वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है। इस संबंध में रेड अलर्ट जारी किया गया है।
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी, देहरादून, डॉ आशीष चौहान, द्वारा जनपद के कक्षा 1 से 12 तक संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में दिनांक 10 जुलाई 2026 को एक दिवस का अवकाश घोषित किया गया है।
दरअसल मौसम केंद्र देहरादून में 10 जुलाई को भी देहरादून के अनेक स्थानों में भारी वर्षा की संभावना जताई है। भारी बारिश को देखते हुए जहां मौसम विभाग ने उत्तराखंड राज्य के पौड़ी, नैनीताल, उधम सिंह नगर, चंपावत और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने वर्षा के तीव्र से अत्यंत तीव्र के दौर होने की संभावना जताई है। इन सभी जिलों को 10 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट पर रखा गया है, तो वहीं देहरादून टिहरी हरिद्वार उत्तरकाशी रुद्रप्रयाग चमोली अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा के आसार हैं। मौसम विभाग ने इन जिलों को येलो अलर्ट पर रखा है।

