देहरादून : देश भर में जमीनी कार्यकर्ता की राय से कांग्रेस के महानगर व जिला अध्यक्ष बनाये जाएंगे। चुनाव सहित पार्टी के महत्वपूर्ण निर्णयों में जिला व महानगर अध्यक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी,मंगलवार को राजधानी देहरादून की महानगर इकाई के संगठन सृजन कार्यक्रम के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा बनाए गए पर्यवेक्षक तमिलनाडु के लोकसभा के वरिष्ठ सांसद व पार्टी के आंध्रप्रदेश व अंडमान निकोबार के प्रभारी मनिकम टैगोर ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कही। उन्होंने बताया कि चार राज्यों जिसमे उत्तराखंड, पंजाब, झारखंड और उड़ीसा शामिल है,इन राज्यों मे एक साथ संगठन सृजन का यह कार्यक्रम शुरू हुआ है, जो लगातार अगले दो हफ्ते तक चलेगा। जिसमें हर जिला महानगर अध्यक्ष के चयन के लिए कांग्रेस के जमीनी कार्यकर्ताओं पदाधिकारियों स्थानीय निकायों ,सहकारिता विधानसभा व संसद का चुनाव लड़े पार्टी कार्यकर्ताओं ,समाज के विभिन्न वर्गों में सक्रिय कांग्रेस विचारधारा के लोगों से बातचीत करके विमर्श किया जाएगा। उसके बाद ऐसे कार्यकर्ताओं के नामों का पैनल पार्टी हाई कमान को भेजा जाएगा जो जिले में पार्टी का कुशल नेतृत्व करने योग्य हो । टैगोर ने बताया कि हरियाणा ,गुजरात सहित देश के अनेक राज्यों में इस प्रयोग को सफलता पूर्वक पूरा किया गया है, और आने वाले महीनों में देश के हर प्रांत में इसी प्रकार से संगठन सृजन कार्यक्रम को चलाया जाएगा। टैगोर ने कहा कि देश भर में पार्टी संगठन सक्रिय व संगठित हो रहा है। पार्टी सांसद टैगोर ने कहा कि इस कवायद में डेढ़ से दो हजार लोगों से राय मशवरा लिया जाएगा और उनके सहयोग के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त तीनों पर्यवेक्षकों रणजीत सिंह रावत, ताहिर अली व जोत सिंह रावत इस पूरी प्रक्रिया में सहयोग करेंगें। टैगोर ने कहा कि लोक सभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भाजपा व देश के चुनाव आयोग की मिलीभगत से हो रही वोटों की हेराफेरी का भांडा फोड़ कर दिया है जिससे भाजपा में भरी बौखलाहट है और अब भाजपा ध्यान भटकाने के लिए तरह तरह के हथकंडे अपना रही है। केंद्र से आए सांसद ने कहा कि जिले के हर ब्लॉक में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठकों आयोजित की जा रही हैं और आगामी ३ सितंबर को महानगर के पदाधिकारी व प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित होगी। आगामी ४ सितंबर ५ सितंबर को ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों की बैठकें आयोजित की जाएंगी व तत्पश्चात १३ सितंबर तक पर्यवेक्षक गण समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों से व्यापक विचार विमर्श कर अपनी रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को सौपेंगे
उत्तराखंड कांग्रेस की संगठन सृजन कार्यक्रम की हुई शुरुआत, 13 सितंबर तक ऑब्जर्वर अपनी रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को सौपेंगे

