मुख्यमंत्री आवास में सम्मानित होंगे रेनबो पब्लिक स्कूल के छात्र शाश्वत भट्ट

श्रीनगर । रेनबो पब्लिक स्कूल, श्रीनगर गढ़वाल के होनहार छात्र शाश्वत भट्ट ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शाश्वत का चयन प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम के लिए हुआ है। वह इस कार्यक्रम में अपनी विधानसभा का प्रतिनिधित्व करेंगे।
शाश्वत का चयन ‘मेरे सपनों का उत्तराखण्ड एक विकसित राज्य हेतु मेरा दृष्टिकोण’ विषय पर लिखे गए उनके उत्कृष्ट निबंध के आधार पर पूरे प्रदेश से किया गया है। उनके निबंध में विकसित उत्तराखण्ड को लेकर उनके विचारों और दृष्टिकोण को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में शाश्वत भट्ट को 18 सितंबर को देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास (मुख्य सेवक सदन) में सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा उन्हें सम्मान प्रदान किया जाएगा।
शाश्वत की इस उपलब्धि पर रेनबो पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण और विद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाईt एवं शुभकामनाएं दी हैं। विद्यालय परिवार ने कहा कि यह उपलब्धि शाश्वत की मेहनत, रचनात्मक सोच और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। विद्यालय ने उम्मीद जताई कि शाश्वत भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उत्तराखण्ड के विकास और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में योगदान देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *