कांग्रेस पार्टी के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने शीर्ष नेतृत्व का आभार प्रकट किया

देहरादून : उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर गणेश गोदियाल ने शीर्ष नेतृत्व का आभार प्रकट किया है।

बुधवार को गोदियाल ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के आवास पहुंचकर शिष्टाचार भेंट की। उसके बाद गणेश गोदियाल कांग्रेस जनों के साथ कचहरी परिसर स्थित शहीद स्मारक पहुंचे, जहां उन्होंने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित करते हुए राज्य निर्माण में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले शाहिद आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि एआईसीसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़के, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कांग्रेस के जनरल सेक्रेटरी केसी वेणुगोपाल, प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा व स्टेट लीडरशिप का धन्यवाद ज्ञापित करते हैं , जिन्होंने उन्हें पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाकर विश्वास व्यक्त किया है।

गोदियाल ने कहा कि हाईकमान ने प्रचार अभियान समिति के कमान पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह और चुनाव प्रबंधन समिति की कमान पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ हरक सिंह रावत को सौंपी है, उनको भी वह बधाई देते हैं। उन्होंने कहा कि एक संतुलित टीम के साथ हम आने वाले चुनावों में जाएंगे, हमारे पास ऐसा समय है कि कांग्रेस अपने निवेदन के साथ घर घर तक पहुंचे। उनका यही प्रयास रहेगा कि सभी कांग्रेसी एक साथ मिलकर प्रदेश की आकांक्षाओं के अनुरूप तानाशाही और भ्रष्टाचार में लिप्त सरकार को उखाड़ फेंकें, ताकि प्रदेश में कानून का राज स्थापित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *