कांग्रेस नेता राहुल गांधी चार और पांच जून को उत्तराखंड दौरे पर आएंगे, 4 तारीख को अल्मोड़ा में करेंगे जनसभा, देहरादून भी आएंगे

देहरादून :  लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा फाइनल हो गया है। राहुल 4 और 5 जुलाई को उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे। अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान वह गढ़वाल और कुमाऊं दोनों मंडलों का भ्रमण करने जा रहे हैं।

राहुल गांधी 4 जून को अल्मोड़ा में विशाल जनसभा को संबोधित करने जा रहे हैं। इसी दिन वह पौड़ी पहुंचकर पूर्व सैनिकों के आयोजित किए गए सम्मेलन में प्रतिभाग करने जा रहे हैं जबकि अगले दिन राहुल गांधी देहरादून पहुंचकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मुलाकात करेंगे।

उनके दौरे की जानकारी देते हुए पार्टी प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मंगलवार को बताया कि यह बड़े हर्ष की बात है कि कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी अपने दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि 4 जून को राहुल गांधी अल्मोड़ा पहुंचकर सभा को संबोधित करेंगे उसके बाद इसी दिन वो तीन बजे के आसपास पौड़ी पहुंचेंगे और वहां पूर्व सैनिक सम्मेलन में प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने बताया कि सैन्य परिवारों के बीच पहुंचकर राहुल गांधी अग्निवीर योजना, वन रैंक वन पेंशन जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाने जा रहे हैं।

अगले दिन यानी 5 जून को राहुल गांधी देहरादून में प्रदेश के सभी वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं के साथ मुलाकात करेंगे, इसके अलावा वो यूथ कांग्रेस, महिला कांग्रेस, पार्टी के पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ, उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग,एनएसयूआई के अध्यक्षों, वर्तमान विधायकों और पूर्व विधायकों के साथ सांगठनिक मजबूती को लेकर विचार विमर्श करने जा रहे हैं।

गोदियाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं से निवेदन किया है कि उनके उत्तराखंड आगमन को लेकर सभी कार्यकर्ता उनके कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए जुट जाएं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *