देहरादून : जिला प्रशासन ने एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाया है। जिला प्रशासन ने रविवार को सभी गैस एजेंसियों को सिलेंडरों की डिलीवरी केवल अनुबंधित वाहनों से ही कराये जाने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार बिना अनुबंध के वाहनों से गैस डिलीवरी किए जाने पर संबंधित गैस एजेंसी पर कड़ा एक्शन लिया जाएगा । गैस की कालाबाजारी पर प्रभावी नियंत्रण एवं जनमानस को सुगमता से गैस आपूर्ति के जाने तथा गैस एजेंसियों एवं गैस गोदाम का औचक निरीक्षण किया जा रहा है।
इसी क्रम मे जिलाधिकारी सविन बंसल द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन में रविवार को उप जिलाधिकारी सदर हरी गिरी के नेतृत्व में क्षेत्रीय खाद्य गैस अधिकारी अजय पाल सिंह एवं पूर्ति लिपिक होशियार सिंह की संयुक्त टीम द्वारा औचक निरीक्षण किया ।
निरीक्षण के दौरानप टीम ने पाया कि देहरादून के रिंग रोड क्षेत्र में भारत गैस के कई डिलीवरी मैन मोटर साइकिल पर गैस सिलेंडरों की डिलीवरी कर रहे हैं,और जिनका तेल कंपनी के साथ कोई अनुबंध नहीं है। जिस कारण उस संबंध में गैस की कालाबाजारी किए जाने की संभावना जताई गई।
जिला प्रशासन की टीम ने भारत गैस के गोदाम, अरविंद गैस एजेंसी व आधुनिक गैस एजेंसी के गोदाम में जाकर इस संबंध में पूछताछ की तो पता चला कि मोटरसाइकिल व साइकिलों से गैस की आपूर्ति की जा रही थी, जिनका गैस एजेंसी के साथ कोई भी अनुबंध नहीं था।
इस संबंध में जिला प्रशासन की तरफ से कड़े निर्देश दिए गए कि गैस की डिलीवरी लोडर के माध्यम से की जाए, अगर किसी भी छोटे वाहन से गैस आपूर्ति की गई, तो उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी । दोनों एजेंसीज को कड़े निर्देश दिए गए की गैस सिलेंडर की डिलीवरी केवल अनुबंधित वाहनो के माध्यम से की जाए।

