देहरादून : सहायक निदेशक,जिला सूचना अधिकारी बद्री चंद नेगी के रिंग रोड़ स्थित सूचना निदेशालय में स्थानांतरण के उपलक्ष्य में मंगलवार को देहरादून जिला सूचना परिवार की तरफ से उन्हें भावपूर्ण विदाई दी गई। इस अवसर पर विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
नेगी ने 3 जनवरी 2022 को देहरादून जनपद में जिला सूचना अधिकारी का दायित्व संभाला था। अपने लगभग चार वर्षों के कार्यकाल में उन्होंने निष्ठा, समर्पण और दक्षता के साथ दायित्वों का निर्वहन करते हुए विभागीय कार्यों को नई दिशा प्रदान की। उनकी कार्यशैली में अनुशासन, पारदर्शिता एवं मानवीय संवेदनाओं का समुचित समन्वय देखने को मिला।
उनके नेतृत्व में सूचना तंत्र एवं जनसंपर्क गतिविधियों को नई गति मिली। उन्होंने टीम भावना को सुदृढ़ करते हुए एक समन्वित एवं ऊर्जावान कार्यसंस्कृति विकसित की। चुनौतियों को अवसर में बदलने की उनकी क्षमता और सकारात्मक दृष्टिकोण ने उन्हें एक कुशल प्रशासक एवं प्रेरणास्रोत के रूप में स्थापित किया।
विदाई समारोह में उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों ने कहा कि नेगी का मार्गदर्शन एवं स्नेह सदैव स्मरणीय रहेगा। इस दौरान उन्हें पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। अंत में सभी ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, सफल कार्यकाल एवं नई जिम्मेदारियों में निरंतर प्रगति की कामना की।
वहीं देहरादून जिले में जिला सूचना अधिकारी के पद पर प्रियंका जोशी ने अपने स्थानांतरण के बाद आज से विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर जिला सूचना परिवार के अधिकारियों व कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। पदभार ग्रहण के दौरान कार्यालय में एक संक्षिप्त स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कार्मिकों ने उनको पुष्पगुच्छ भेंट कर अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दी।
सभी ने आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में विभागीय कार्यों को नई दिशा और गति मिलेगी। उन्होंने टीम वर्क को प्राथमिकता देते हुए जनसंपर्क गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया।

