देहरादून : राजधानी देहरादून में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की पहल से अब हृदय रोग के मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही विशेषज्ञ परामर्श और जांच की सुविधा मिलने लगी है। इससे दूर-दराज और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले रोगियों को दून और कोरोनेशन अस्पताल के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।
स्वास्थ्य विभाग ने प्रेमनगर और रायपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में विशेषज्ञ हृदय रोग ओपीडी शुरू की है, जहां मरीजों को हृदय रोग विशेषज्ञ की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही मात्र 150 रुपये शुल्क पर ईसीजी यानी इलेक्ट्रोकार्डियोग्राम जांच की सुविधा भी दी जा रही है। दोनों केंद्रों में अब तक 35 से अधिक मरीज ईसीजी जांच का लाभ उठा चुके हैं।
प्रेमनगर सीएचसी में प्रत्येक बुधवार तथा रायपुर सीएचसी में हर शुक्रवार को सवेरे 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक हृदय रोग विशेषज्ञ मरीजों की जांच और परामर्श दिया जायेगा। इस व्यवस्था से न केवल ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि दून अस्पताल और कोरोनेशन अस्पताल पर मरीजों का दबाव भी कम होगा।
स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि पछवादून और परवादून क्षेत्र के लोगों के लिए यह सुविधा किसी बड़ी राहत से कम नहीं होगी। अब उन्हें हृदय संबंधी परामर्श और उपचार के लिए शहर के बड़े अस्पतालों तक के लिए भटकना नहीं पड़े।
देहरादून के सीएमओ डॉक्टर मनोज शर्मा ने बताया कि एक निजी अस्पताल के हार्ट रोग विशेषज्ञों के सहयोग से प्रेमनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अब तक तीन सफल ओपीडी संचालित की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि इस सुविधा से लोगों का सकारात्मक फीडबैक स्वास्थ्य विभाग को मिल रहा है, अब तक सौ से अधिक मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श दिया जा चुका है।
वहीं रायपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निजी अस्पताल के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. नीलेश चंद्र पांडे ने बताया कि यहां भी लगातार तीन ओपीडी सफलतापूर्वक संचालित हुई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जैसे ही लोगों को इस सुविधा की जानकारी मिलेगी, वैसे ही अधिक संख्या में मरीज ओपीडी का लाभ लेने पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि मरीजों को उपचार और परामर्श के साथ ईसीजी जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

