नर्सिंग अभ्यर्थियों की मांगों के समर्थन में टंकी पर चढ़ी महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़का, तनावपूर्ण माहौल के बीच नर्सिंग बेरोजगारों का धरना अब भी जारी

देहरादून :नर्सिंग एकता मंच से जुड़े सदस्यों की ओर से वर्षवार नियुक्ति की मांग को लेकर चलाया जा रहा आंदोलन उस समय उग्र हो गया जब सोमवार सुबह 5 बजे से परेड ग्राउंड स्थित पानी की टंकी पर चढ़ी महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने मंगलवार की शाम अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क दिया।

उनकी ओर से अचानक उठाए गए इस कदम के बाद पानी की टंकी के समीप धरना दे रहे नर्सिंग अभ्यर्थी सरकार के खिलाफ आक्रोशित हो गए और उन्होंने अपनी मांगों की अनदेखी किए जाने पर परेड ग्राउंड से बाहर निकलकर सड़क जाम करते हुए नारेबाजी करते हुए जमकर प्रदर्शन किया। इससे यातायात को डाइवर्ट करना पड़ गया। इस दौरान टंकी पर चढ़ी ज्योति रौतेला के पेट्रोल छिड़के जाने की जानकारी मिलते ही देहरादून के सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह व एसपी सिटी प्रमोद कुमार मौके पर पहुंचे, लेकिन इस घटना से गुस्साए नर्सिंग अभ्यर्थियों ने दून क्लब के सामने की सड़क को जाम कर दिया।

इस बीच वहां तनाव की स्थिति बनी रही। नर्सिंग अभ्यर्थियों ने मंगलवार की रात साढ़े दस बजे तक सड़क को घेर कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। मामले को संभालने के लिए राज्य सरकार की तरफ से उत्तराखंड की डीजी हेल्थ डॉक्टर सुनीता टम्टा अपने सहयोगी अधिकारियों के साथ धरना स्थल पर पहुंची, जहां उन्होंने जिला प्रशासन की मौजूदगी में नर्सिंग एकता मंच के प्रदेश अध्यक्ष नवल पुंडीर और अन्य सदस्यों के साथ वार्ता की, लेकिन वार्ता बेनतीजा निकली।

हालांकि मंच के प्रदेश अध्यक्ष नवल पुंडीर का कहना है कि डीजी हेल्थ ने उनकी मांगों को सकारात्मक बताया है, उनका कहना है कि डीजी हेल्थ डॉ सुनीता टम्टा ने आश्वस्त किया है कि उनकी मांगों से संबंधित एक प्रस्ताव स्वास्थ्य मंत्री को प्रेषित किया जाएगा। नवल का कहना है कि  टंकी में चढ़े उनके साथियों ने भी बुधवार तक टंकी से नहीं उतरने का निर्णय किया है।

उन्होंने कहा कि सभी साथियों का यही कहना है कि अगर उनके पक्ष में कोई फैसला आता है तो ठीक है, वरना आंदोलन को और धार दिए जाने की रणनीति पर काम किया जाएगा। फिलहाल देर रात पुलिस ने सुरक्षा कारणों से नर्सिंग एकता मंच से जुड़ी प्रदर्शनकारी महिलाओं व अन्य संगठनों से जुड़े पदाधिकारियों को समझा बुझा कर सड़क से उठा दिया है, लेकिन बुधवार को भी परेड ग्राउंड में पानी की टंकी के पास नर्सिंग अभ्यर्थियों का धरना गतिमान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *